नीमच। शहर के भारत माता चौराहा पर शनिवार को एक निजी स्कूल ने पानी बचाओ अभियान को लेकर एक आयोजन किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नीमच कलेक्टर दिनेश जैन उपस्थित रहे। जिन्होंने पानी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हमें ऊर्जा और जल संरक्षण करना चाहिए। जिस तरह से पानी का बेदर्दी से दुरुपयोग किया जा रहा है। इससे आने वाले समय में भयंकर जल संकट उत्पन्न हो सकता है। इसलिए पानी की बूंद-बूंद को संजोकर रखना आवश्यक है। पानी का किफायत से उपयोग करने की आवश्यकता है। इस दौरान उपस्थित लोगों को मूक पक्षियों के दाना पानी के लिए सकोरे का भी वितरण किया गया।
इस अवसर पर स्कूली विद्यार्थियों, स्टाफ के सदस्य व एनसीसी कैडेट्स द्वारा जल संरक्षण को लेकर एक जागरूकता रैली विद्यालय से निकाली गई। रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। रैली में शामिल विद्यार्थी हाथों में पानी बचाओ से संबंधित नारे लिखे बैनर व तख्तियां लिए हुए दिखाई दिए। साथ ही नारों द्वारा लोगों को पानी बचाने, पानी के सदुपयोग के प्रति जागरूक करते दिखाई दिए। रैली का समापन भारत माता चौराहा पर हुआ। जहां पानी बचाने को लेकर स्कूली विद्यार्थियों द्वारा सुंदर नुक्कड़ नाटक और नृत्य नाटिका का भी मंचन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्कूली विद्यार्थी स्टाफ के सदस्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।