नीमच। जल संरक्षण आज की मुख्य आवश्यकता है, क्योंकि पूरा विश्व जल की कमी से जूझ रहा है। लगभग 100 करोड लोग जल की कमी से परेशान है। साल दर साल वर्षा की कमी होती जा रही है। धरती में जल स्तर बहुत नीचे जा रहा है। हमें अपने दैनिक जीवन के क्रियाकलापों में जल को बचाना चाहिए।
यह विचार ज्ञानोदय इंटरनेशनल स्कूल द्वारा आयोजित जल संरक्षण रैली के समापन के अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में बोलते हुए कलेक्टर दिनेश जैन ने कही। ज्ञानोदय इंटरनेशनल स्कूल द्वारा जल के संरक्षण के बारे में जागरूक करने के लिए ‘जल संरक्षण जागरूकता अभियान’ का आयोजन किया गया। ‘जल संरक्षण जागरूकता अभियान’ दशहरा मैदान से ज्ञानमंदिर लॉ कॉलेज, जाजू बिल्डिंग, चूड़ी गली, घंटाघर, बारादरी, कमल चौक होते हुए भारत माता चौराहा पर समापन हुआ। रैली में विद्यार्थियों ने पूरी ऊर्जा के साथ इस अभियान में भाग लिया और जल संरक्षण के साथ-साथ पानी का उपयोग कम से कम करने के बारे में जागरूकता फैलाई।
कार्यक्रम में ज्ञानोदय ग्रुप की डायरेक्टर डॉ. माधुरी चौरसिया एवं विद्यालय की निदेशिका डॉ. गरिमा चौरसिया उपस्थित रहे। रैली के समापन पर स्कूल के बच्चों द्वारा नुक्कड़ नाटक, नृत्य एवं संगीतमय कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई। रैली में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राए एवं शिक्षणगण उपस्थित थे।