भोपाल । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज भोपाल में राष्ट्रीय हिंदी विज्ञान सम्मेलन-2024 कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन कर किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में भोपाल में आयोजित राष्ट्रीय हिंदी विज्ञान सम्मेलन-2024 कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर नेशनल योग खिलाड़ी दिव्यांग शुभम शर्मा ने योगाभ्यास की शानदार प्रस्तुति प्रस्तुत की।
डॉ. मोहन यादव ने विमोचन किया
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज भोपाल में आयोजित राष्ट्रीय हिंदी विज्ञान सम्मेलन-2024 के अवसर पर अनुसंधान संदेश एवं स्मारिका राष्ट्रीय हिंदी विज्ञान सम्मेलन-2024 का विमोचन किया।
एक बड़ा अभियान शुरू हुआ
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने राष्ट्रीय हिंदी विज्ञान सम्मेलन 2024 कार्यक्रम के समापन पर पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि ष्विज्ञान भारती द्वारा आज राष्ट्रभाषा हिंदी और विज्ञान सम्मेलन अर्थात विज्ञान में हिंदी को प्रोत्साहन देने के लिए तकनीकी रूप से स्व-भाषा को बढ़ावा देने का एक बड़ा अभियान शुरू हुआ है, ये चौथा राष्ट्रीय सम्मेलन है। मेरी अपनी ओर से इस पूरे आयोजन के लिए सभी को बधाई दी।
लोगों की अपनी आत्मीयता भी बढ़ेगी
डॉ यादव ने कहा कि अभी ये कार्यक्रम राष्ट्रीय स्तर पर हो रहा है। आने वाले समय में ये कार्यक्रम अंतरराष्ट्रीय स्तर का भी होना चाहिए। क्योंकि स्व-भाषा को जानने वाले विद्वान अगर अपने रिसर्च को हिंदी में करते हैं और उसके तकनीकी शब्दों को हिंदी में अनुवाद करते हैं तो सहज रूप से उसे पूरे देश में लोकप्रियता मिलेगी। इससे आमजन की विज्ञान के प्रति जिज्ञासाएं बढ़ेगी और लोगों की अपनी आत्मीयता भी बढ़ेगी।
इस तरह के आयोजन में भागीदार बने
डॉ यादव ने कहा कि ऐसे सभी रिसर्च को प्रोत्साहन देने के लिए जो पढ़े-लिखे नहीं भी हैं, वो भी अगर कोई अनूठे आविष्कार लेकर आते हैं तो विज्ञान भारती इसका प्रबंध करें। हर साल अपनी प्रतिभा के बल पर जो भी होनहार लोग हैं, वो अपनी प्रतिभा को लाकर इस तरह के आयोजन में भागीदार बने।