जबलपुर। मध्य प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह का बड़ा बयान सामने आया है। एमपी की बदहाल सड़कों को लेकर उन्होंने कहा कि अगले 7 दिनों में विभाग के इंजीनियर और आधिकारी सड़कों पर उतरकर मरम्मत का काम करेंगे। अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में सड़कें ठीक होने का प्रमाण पत्र देना होगा।
लोक निर्माण विभाग मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि आज से सड़कों की सूरत बदलने के लिए अमला जमीन पर उतरेगा। बारिश ने खलल नहीं डाला तो जल्द से जल्द सुधार काम शुरू होगा। पहले गड्ढों में सड़क थी, लेकिन आज सड़कें अच्छी है, इसलिए जनता की अपेक्षा है। विभाग को ज्यादा जिम्मेदार बनाने के उद्देश्य से लोग पथ एप बनाया गया है।
उन्होंने बताया कि इस एप के माध्यम से मिली शिकायत पर 7 दिन के भीतर निराकरण हो रहा है। एप के लॉन्च होने के बाद अब तक 1800 से ज्यादा शिकायतें मिली है। 1800 शिकायतों में से 1765 शिकायतों का निराकरण कर दिया गया है। बेहतर सड़क और अच्छी सुविधाओं को देने के लिए मध्य प्रदेश सरकार संकल्पित है।
बुधवार को लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने मंत्रालय में बारिश में क्षतिग्रस्त सड़कों की समीक्षा की। उन्होंने एक सप्ताह का अभियान चलाकर सड़कों, शोल्डरों और पुल-पुलियाओं की मरम्मत करने के निर्देश दिए है। मंत्री ने मरम्मत के बाद सभी यंत्रियों से इस आशय का प्रमाण पत्र भी लिया जाये कि उनके क्षेत्र में अब कोई मरम्मत योग्य क्षतिग्रस्त सड़क शेष नहीं है।