भोपाल। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा है कि प्रदेश के सभी संगठनात्मक जिलों में रविवार को किसान सदस्यता दिवस मनाया जाएगा। इस दौरान बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को सदस्य बनाया जाएंगा। बीजेपी के ग्रामीण क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, जिला पंचायत अध्यक्ष- उपाध्यक्ष, किसान मोर्चा, को-ऑपरेटिव कार्यकर्ता मैदान में उतरेंगे। ग्रामीण क्षेत्र के हर बूथ पर 100 सदस्य बनाए जाएंगे।
रतलाम में शुक्रवार को सदस्यता अभियान को लेकर बुलाई बैठक के पहले प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी मध्य प्रदेश ने संगठन के पर्व और सदस्यता के अभियान के लिए कल 15 सितम्बर का दिन अधिकतम सदस्यता का दिन तय किया है। इस दिन पार्टी की अधिकतम सदस्यता होगी। किसान और ग्रामीण क्षेत्र में बड़े पैमाने पर मेम्बरशिप करेंगे।
शर्मा ने कहा कि किसान मोर्चे के सभी पदाधिकारी, बूथों तक काम करने कार्यकर्ता, को-ऑपरेटिव बैंक में काम करने वाली सभी कार्यकर्ता, जिला पंचायत के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, जिला पंचायत के सदस्य, जनपद अध्यक्ष उपाध्यक्ष और सदस्य ग्रामीण क्षेत्र के जनप्रतिनिधि के साथ हमारा सभी संगठनात्मक तंत्र मैदान मे उतरेगा।
उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के ग्रामीण क्षेत्र के हर बूथ पर कम से कम 100 सदस्य बनाकर मध्य प्रदेश के सदस्यता के अभियान में इतिहास बनाएंगे। शर्मा ने सभी से अपील की है कि कल सुबह से लेकर रात तक मध्य प्रदेश के सदस्यता अभियान को ऐतिहासिक बनाएं।
हारी हुई विधानसभा पर अधिक फोकस
रतलाम की सैलाना और झाबुआ विधानसभा के प्रवास के दौरान शर्मा ने मीडिया से चर्चा कहा कि विधानसभा चुनाव और लोकसभा चुनाव में हारी हुई विधानसभा पर विशेष फ़ोकस किया जा रहा है। हारी हुई विधानसभा के बूथ और शक्ति केंद्र के कार्यकर्ताओं से बात करेंगे। यह सदस्यता अभियान सर्वस्पर्शी सर्वव्यापी होगा। उन्होंने कहा कि सैलाना विधानसभा इस बार हम हारे हैं, इसलिए उन विधानसभाओं को या उन क्षेत्र को ज्यादा फोकस किया है कि वहां ज्यादा से ज्यादा सदस्यता भारतीय जनता पार्टी के बने और नए लोगो को अवसर मिले। उन्होंने कहा कि विधानसभाओं में 15000 बूथ पर हारते आ रहे हैं। इसलिए पार्टी ने लगातार उन बूथों पर फोकस किया है।
रतलाम में शर्मा का ज़ोरदार स्वागत
इसके पहले रतलाम पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी और ढोल की थाप पर उनका स्वागत किया। सदस्यता अभियान के अंतर्गत शर्मा रतलाम, धार, झाबुआ के दौरे पर हैं।