मन्दसौर। सीतामऊ-मंदसौर रोड स्थित पाइप फैक्ट्री में लूट डकैती की योजना को अंजाम देने से पहले ही पुलिस ने हरियाणा व राजस्थान की गैंग के चार बदमाशों को धरदबोचा। आरोपी ट्रक से रेकी करते थे। उनके पास से नल जल योजना में चोरी किये लगभग 60 पाइप, एक आईसर ट्रक, तलवार, टामी, लाल मिर्च पाउडर, तीन केन में हाथ भट्टी कच्ची शराब, दो लठ समेत अन्य सामान भी इनके पास से मिला है। यह गेंग पहले भी पांच वारदातों को अंजाम दे चुकी है।
पुलिस कंट्रोल रूम में प्रेस कांफ्रेंस के दौरान एसपी अभिषेक आनंद ने मामले का खुलासा करते हुए बताया है कि कैथल हरियाणा व अलवर राजस्थान की मेवाती गैंग के अंतर राज्य बदमाशों को पकड़ा गया है। मुखबिर की सूचना के बाद नई आबादी थाना टीआई वरुण तिवारी की टीम ने घेराबंदी कर सीतामऊ फाटक अंडर ब्रिज के पास बैठे बदमाशों को पकड़ा।
एसपी ने बताया है कि आरोपियों ने भानपुरा, थाना रतनगढ़, नीमच, बड़वानी जिले के नागलवाड़ी क्षेत्र में चोरी की वारदातें कबूल की है। साथ ही वापसी पर मंदसौर में उन्होंने जाते समय सीतामऊ रोड स्थित पाइप फैक्ट्री पर लूट की योजना बना रहे थे। इसी दौरान पुलिस के हत्थे चढ़ गये।
मेडिकल के दौरान पुलिस वाहन खराब होने पर आरोपियों को पैदल ही कोर्ट में पेश किया गया।