जबलपुर। मध्यप्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के दिग्गज नेता उमंग सिंघार दो दिवसीय दौरे पर जबलपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला। बीजेपी नेताओं पर आम आदमी सहित पुलिसकर्मियों से अभद्रता और मारपीट के आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि जैसे शराब दुकान के बाहर शराबी मदमस्त रहता है, ठीक उसी तरह से भाजपा नेता सत्ता के नशे में चूर है। यही वजह है कि अक्सर अब इनके कार्यकर्ताओं के शर्मनाक वीडियो भी सामने आ रहे है। सिंघार ने चेतावनी देते हुए कहा कि जनता इसे बर्दाश्त नहीं करेगी। वही बढ़ते अपराधों को लेकर मुख्यमंत्री मोहन यादव पर भी हमला बोला।
ड्रग्स फैक्ट्री को लेकर सरकार को घेरा
भोपाल में मेफेड्रॉन (एमडी) ड्रग्स की फैक्ट्री लगाने में राजस्थान के तस्कर शोएब लाला का हाथ था। 6 महीने पहले वह इसे देखने भोपाल आया था। इस मामले में पकड़े गए तीनों आरोपियों से अलग-अलग फोन नंबरों से बात करता था। मामले पर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि, जब से ड्रग्स फैक्ट्री का खुलासा हुआ है, तब से विपक्ष लगातार सरकार को घेरने की कवायद में लगा है। आगे कहा कि सरकार जांच पर जांच करवा रही है पर कोई निर्णय तक नहीं पहुंच पा रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव जब मौन यादव हो गए है तो समझा जा सकता है कि प्रदेश का क्या होगा।
बता दे कि नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार दो दिवसीय दौरे पर जबलपुर पहुंचे है। 15 अक्टूबर को सिंघार पूर्व विधायक विनय सक्सेना के जैन महा मुनि राज संत गुरु उपाध्याय श्री विरंजन सागर की उपस्थिति में प्रबुद्ध जनों के सम्मान एवं प्रतिभा एवं शहीदों के परिजनों के सम्मान समारोह में शामिल हुए। 16 अक्टूबर बुधवार को पार्टी नेताओं के साथ बैठक करेंगे। वही प्रेसवार्ता का भी आयोजना किया जाएगा ।