नीमच। शहर के समीप मालखेड़ा फंटा हाईवे पर ईको गाड़ी के पलटी खा जाने से पांच से अधिक लोग घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार नयागांव से न्यू सनराइज स्कूल का स्टाफ कुकड़ेश्वर गांव भगोरी एक शोक कार्यक्रम में बैठने के लिए जा रहे थे। स्कूल की ईको गाड़ी क्रमांक एमपी 44 सीए 9698 में पुरुष, महिलाएं और बच्चे सवार थे। मालखेड़ा फंटा के यहां सहयोग होटल के सामने डिवाइडर के यहां अचानक कुत्ते के आ जाने से वाहन अनियंत्रित हो गया। ईको गाड़ी डिवाइडर में घुस गई। गाड़ी का टायर फट गया और गाड़ी पलटी खा गई। घायलों को 108 एंबुलेंस के माध्यम से जिला चिकित्सालय लाया गया। घटना में मनीष सोनी, रचना, रेखा राठौड़ निर्मला सोनी, दीपा सगोई, सुनीता शर्मा, हेमलता चौहान आदि घायल हुए हैं। घायलों का जिला अस्पताल में उपचार जारी है। ड्राइवर पवन को भी चोट आई है। बताया जा रहा है कि गाड़ी में दो छोटे बच्चे भी थे। घटना करीब 4.00 बजे की बताई जा रही है।