नीमच। जिले के बघाना थाना अंतर्गत गांव जयसिंहपुरा में आए दिन किसानों के खेतों से चोरी की घटनाएं हो रही है। चोर कुएं पर लगी विद्युत मोटरें, लहसुन, पाइप, ट्युबवेल में लगी केबलें और खाद के कट्टे चुरा कर ले जा रहे हैं। बीती रात भी जयसिंहपुरा गांव से पांच विद्युत मोटर चोरी हो गई। गांववासियों को हजारों रुपए का नुकसान हो गया।

जिसकी शिकायत लेकर प्रेम प्रकाश पाटीदार, दिनेश सेन, शौकीन धाकड़, रामकिशन धाकड़, पप्पू माली और गांववासी बघाना थाने पहुंचे। अज्ञात आरोपियों के खिलाफ शिकायत की गई।

ग्रामीणों का कहना है कि चार दिन पहले भी विद्युत मोटर चोरी हो गई थी। 15 दिन पहले तीन मोटर और खाद के कट्टे चोर चुराकर ले गए। इस बारे में ग्रामीणों को जिन लोगों पर शक है, उनके नाम भी पुलिस को बताए गए हैं। गांववालों का कहना है कि लगातार हो रही चोरियों से हम लोग तंग आ चुके हैं। गांव में खौफ और असुरक्षा का वातावरण है। जयसिंहपुरा के किसानों का कहना है कि पुलिस को इस मामले में सख्त कदम उठाना चाहिए। हम चाहते हैं कि जल्दी से चोरों का पर्दाफाश हो।
