नीमच। जिले के सिंगोली तहसील अंतर्गत ग्राम बोराकुडी में किसानों की निजी स्वामित्व की भूमियों पर वन विभाग का अवैध कब्जा हटवाने की मांग यहां के करीब 60 से अधिक परिवार द्वारा लगातार की जा रही है। इसी सिलसिले में आज गांव के किसान नीमच के कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। इनका कहना है कि पिछले 1 वर्ष से हमारे द्वारा लगातार संबंधित विभागों और जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया गया है। लेकिन हमारी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। हमने सीएम हेल्पलाइन पर भी शिकायत की है। आज इस संदर्भ में कलेक्टर कार्यालय पर फिर किसानों ने कार्रवाई की मांग की। किसानों ने बताया कि ग्राम बोराकुड़ी स्थित खसरा नंबर 2, 4, 5,16,17 की कृषि भूमिया वर्ष 1935-36 की मिसल बंदोबस्त से हमारे पूर्वजों के नाम भूमि स्वामी स्वत्व की रही है। खसरा नंबर 16 में से मात्र 8 बीघा को छोड़कर कोई भी भूमि कभी भी वन विभाग को आवंटित नहीं की गई है। किसानों ने बताया कि वन विभाग के अवैध कब्जे से आदिवासी समाज व ग्राम पंचायत बोरदिया के लोग भी दुखी होकर प्रताड़ित और परेशान है। अन्नदाता किसान अपनी भूमि पर ही कृषि नहीं कर पा रहा है। वनरक्षक द्वारा किसानों को यहां आने नहीं दिया जाता है। किसानों का कहना है कि राजस्व विभाग और वन विभाग द्वारा एक दूसरे पर पूरे मामले को टाला जा रहा है।