इंदौर। 30 जनवरी को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर एक विशेष शांति सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। नेशनल पीस मूवमेंट, रोटरी मंडल 3040 और यूनिवर्सल सॉलिडेटरी मूवमेंट के संयुक्त तत्वावधान में होने वाले इस कार्यक्रम में शहर के प्रमुख सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षक और विद्यार्थी शामिल होंगे।
आयोजन समिति की अध्यक्ष डॉ. संगीता जैन और सचिव फादर जैकब के अनुसार, सम्मेलन में रोटरी क्लब 3040, रोटरी क्लब ऑफ इंदौर आदर्श, इंदौर मालविका और रोटरी क्लब सोनकच्छ का विशेष सहयोग रहेगा। सुबह 9 बजे से शुरू होकर दोपहर 3 बजे तक चलने वाले इस सम्मेलन में दिल्ली से प्रसिद्ध गांधीवादी विचारक, लेखक डॉ. अरुण त्रिपाठी मुख्य वक्ता होंगे। इसके अलावा, शहर के लेखक चिन्मय मिश्र और रोटेरियन अनीश मालिक भी अपने विचार साझा करेंगे। मीडिया प्रभारी डॉ. नीहार गीते ने बताया कि कार्यक्रम में महात्मा गांधी के विचारों के साथ-साथ समाज में शांति स्थापना पर गहन चर्चा होगी। विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के छात्र भी अपने विचार प्रस्तुत करेंगे।