धार। आदिम जाति सेवा सरकारी समिति प्रबंधक नंदकिशोर सोलंकी को निलंबित कर दिया गया है। आय से अधिक संपत्ति मिलने के बाद उन पर यह कार्रवाई की गई है। बता दें कि कल ईओडब्ल्यू ने उनके घर छापा मारा था। इस दौरान चल-अचल संपत्ति का खुलासा हुआ था। बता दें कि उनके बेटे के रतलाम स्थित घर पर भी छापा मारा गया था।
दरअसल, इंदौर ईओडब्ल्यू ने रतलाम में नगर निगम के पूर्व उपायुक्त और वर्तमान में नगर निगम के लेखाधिकारी विकास सोलंकी के घर पर दबिश दी थी। उनके पिता नंदकिशोर सोलंकी के खिलाफ भ्रष्टाचार से करोड़ों रुपये की संपत्ति अर्जित करने की शिकायत मिली थी जो सही पाए जाने पर मामला पंजीबद्ध किया गया। प्रारंभिक तौर पर ही संपत्ति आय से लगभग 240 प्रतिशत अधिक पाई गई थी।
ईओडब्ल्यू ने रतलाम और धार में दस्तावेज, आभूषण, बैंक खातों और नगद से संबंधित सर्चिंग की थी। कार्रवाई के दौरान करीब 4 करोड़ रुपए से अधिक की संपत्ति बरामद हुई थी।