नीमच। पुलिस द्वारा माह जनवरी में सड़क सुरक्षा और यातायात जागरूकता को लेकर अनेक गतिविधियां आयोजित की गई। नागरिकों को यातायात नियमों की पालना करने का संदेश दिया गया। इसी कड़ी में आज नीमच के लायंस पार्क चौराहा पर स्प्रिंगवुड स्कूल के स्काउट और गाइड दल द्वारा वाहन चालकों को यातायात नियमों की पालना करने की हिदायत दी गई। यातायात विभाग और स्प्रिंगवुड द्वारा संयुक्त रूप से हेलमेट लगाने वाले दो पहिया वाहन चालकों और सीट बेल्ट लगाने वाले चार पहिया वाहन चालकों को गुलाब का फूल देकर सम्मानित किया गया। वहीं जो लोग नियमों की पालना नहीं कर रहे थे उन्हें समझाइश के साथ चेतावनी भी दी गई।
लोगों को बताया गया की वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात ना करें। शराब पीकर गाड़ी ना चलाएं। दो पहिया वाहन पर तीन सवारी न बिठाएं। हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग बराबर करें। इसी सिलसिले में यातायात विभाग द्वारा चालानी कार्रवाई भी निरंतर की जा रही है। इस दौरान यातायात विभाग की थाना प्रभारी उर्मिला सिंह चौहान, सोनू बड़गूजर धर्मेंद्र गौड़ और महकमे से जुड़े यातायात पुलिसकर्मी मौजूद रहे।