रतलाम। भारतीय जनता युवा मोर्चा ने मंगलवार दोपहर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का पुतला जलाया। डालूमोती बाजार चौराहे पर नारेबाजी कर कांग्रेस नेता राहुल गांधी, खड़गे के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाए।
बता दें कि सोमवार को भीमराव अंबेडकर की जन्मस्थली महू में कांग्रेस ने ‘जय भीम, जय बापू, जय संविधान’ रैली आयोजित की थी। रैली में खड़गे ने महाकुंभ स्नान पर एक बयान दिया, जिसे लेकर प्रदेश भर में बीजेपी के कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
मंगलवार दोपहर भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, भाजयुमो जिलाध्यक्ष विपल्व जैन, अनुज शर्मा, सलीम आरिफ, गौरव मूणत, संजय पांचाल समेत बड़ी संख्या में युवा मोर्चा व बीजेपी पदाधिकारी व कार्यकर्ता पैलेस रोड स्थित बीजेपी कार्यालय पर एकत्र हुए। यहां से खड़गे का पुतला हाथों में लेकर पैदल नारेबाजी करते हुए डालूमोती बाजार चौराहे पर पहुंचे। यहां पर खड़गे का पुतला दहन किया।
युवामोर्चा जिलाध्यक्ष विपल्व जैन ने कहा कि सनातन संस्कृति का अपमान सहन नहीं किया जाएगा। पवित्र महाकुंभ को लेकर की गई टिप्पणी कांग्रेस की मानसिकता को दर्शाती है। खड़गे माफी मांगें नहीं तो लगातार विरोध किया जाएगा।
खड़गे का वह बयान, जिसका विरोध हो रहा
महू में आयोजित रैली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा था कि ‘क्या गंगा में डुबकी लगाने से गरीबी दूर होती है? क्या इससे खाना मिलता है?’ उन्होंने यह भी कहा कि वह किसी की धार्मिक आस्था का अपमान नहीं करना चाहते और अगर किसी को दुख हुआ हो, तो माफी मांगते हैं।
खड़गे ने आगे कहा- जब बच्चा भूखा मर रहा है, स्कूल नहीं जा रहा, मजदूर को मजदूरी नहीं मिल रही, तब कुछ लोग हजारों रुपए खर्च कर के प्रतियोगिताओं में डुबकी लगाते हैं। जब तक टीवी पर अच्छा दृश्य नहीं आता, तब तक ये लोग डुबकी मारते रहते हैं। ऐसे लोगों से देश की भलाई नहीं हो सकती।श्