नीमच। मेरी पुत्री को बहला फुसलाकर और नशीली दवाइयां देकर संदीप पाटीदार और उसके सहयोगी भगा कर ले गए हैं। लड़के की उम्र 21 वर्ष ना होने के बावजूद उसने षडयंत्र पूर्वक मेरी बच्ची से शादी कर ली। इस मामले में पुलिस की भी मिली भगत है। इस पूरे घटनाक्रम की जांच की जाए और दोषियों के खिलाफ प्रकरण पंजीबद्ध किया जाए। इस बात की गुहार कृष्णा पाटीदार और भेरुलाल पाटीदार ने आज नीमच कलेक्टर कार्यालय पर आयोजित जनसुनवाई में लगाई। बताते चलें कि पूरा मामला नीमच जिले के जीरन तहसील के गांव बामनिया का है। बामनिया निवासी युवती 5 दिसंबर को आरआरएम कॉलेज में पढ़ाई करने गई थी। उसके बाद वह घर नहीं लौटी। परिजनों के तलाश करने पर पता चला कि संदीप पाटीदार नामक युवक ने उससे शादी कर ली। कलेक्टर के नाम दिए गए आवेदन में कृष्णा पाटीदार ने कहा है कि पुलिस ने हमारे अनुरोध के बावजूद बालिका को बुलाकर परिवार वालों के सामने कोई बयान नहीं लिया ना ही परिवार वालों से बालिका को मिलवाया गया और ना ही बात करवाई गई। आवेदन में यह भी कहा गया है कि लड़की को ले जाने वाले संदीप के पास से पुलिस ने उम्र संबंधित कोई दस्तावेज, मार्कशीट, आधार कार्ड, केवाईसी नहीं लिया है। लड़की के अभिभावकों ने जैतपुरा निवासी संदीप पाटीदार के साथ राजेश पटेल, नितिन पाटीदार, महेंद्र सिंह राजपूत, शादी कराने वाले पंडित और अन्य लोगों के खिलाफ कलेक्टर से कार्रवाई की मांग की है।