मनासा। मंगलवार दोपहर खनिज विभाग ने मनासा विकासखंड के गांव भाटखेडी से मिट्टी का अवैध खनन करते पाए जाने पर एक जेसीबी व ट्रेक्टर ट्राली को जब्त किया हैं। साथ ही रेत का अवैध रूप से परिवहन करने पर रेत से भरा ट्रेक्टर ट्राली को भी जब्त किया गया। खनिज सर्वेयर सुनिल जाधव ने मंगलवार देर शाम 7 बजे जानकारी देते हुए बताया कि जिला खनिज अधिकारी को गांव भाटखेडी में अवैध रूप से मिट्टी खनन करने की शिकायते बार-बार प्राप्त हो रही थी। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए खनिज टीम द्वारा मंगलवार को गांव भाटखेडी के तालाब में दबिश देकर एक जेसीबी व ट्रेक्टर को जब्त कर मौका पंचनामा बनाया गया। साथ ही मनासा कंजार्डा मार्ग पर अवैध रूप से रेत का परिवहन करते पाए जाने पर रेत से भरी ट्रेक्टर ट्राली को जब्त किया। सभी वाहनों को मनासा थाने में पुलिस की जब्ती में सौंपा गया।मामले में आगे की कार्यवाही की जा रही है।