नीमच। सीएम राइज स्कूल के निर्माण में हो रही देरी को लेकर पालक महासंघ ने बुधवार को कलेक्टर कार्यालय में विरोध प्रदर्शन किया। महासंघ के सदस्यों ने डिप्टी कलेक्टर राजेश शाह को ज्ञापन सौंपकर भवन निर्माण के लिए जल्द जमीन अलॉट करने की मांग की।
पालक महासंघ का कहना है कि जिले के जावद और मनासा में सीएम राइज स्कूल के भवन पहले ही बन चुके हैं, लेकिन नीमच शहर में अभी तक भूमि का चयन तक नहीं किया गया है। इस कारण करोड़ों की लागत से बनने वाले स्कूल का निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। यह देरी सरकार की महत्वाकांक्षी योजना से मिलने वाले लाभ से क्षेत्र के गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के बच्चों को वंचित कर रही है।
महासंघ के जिला अध्यक्ष जगदीश शर्मा के नेतृत्व में आयोजित विरोध प्रदर्शन में आशा सांभर, किशोर जवेरिया सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे। महासंघ ने शासन-प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया है कि वे जल्द से जल्द भूमि का चयन कर भवन निर्माण कार्य शुरू कराएं, ताकि क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिल सकें। पालक महासंघ नियमित रूप से शिक्षा से जुड़े मुद्दों को उठाता रहा है और इस बार भी उन्होंने इस महत्वपूर्ण मुद्दे को प्रमुखता से उठाया है।