खरगोन। कसरावद तहसील के ग्राम बामंदी. सरकारी स्कूलों में बच्चों को स्कूल से जोड़ने के लिए सरकार मिड डे मील सहित कई कार्यक्रम चला रही है, ताकि पढ़ाई के साथ-साथ बच्चों को पौष्टिक भोजन भी मिल सके। इसी कड़ी में “तिथि भोजन”” योजना के तहत स्कूल में छात्रों के लिये विशेष भोज का भी आयोजन किया जाता है। जिसमे समाज का कोई भी प्रतिष्ठित व्यक्ति अपनी जन्मतिथि, विशेष दिवस अथवा किसी भी पारिवारिक खुशी के मौके पर स्कूल के बच्चों के लिये खुद के खर्च से “तिथि भोजन” का आयोजन कर सकता है। इसी योजना के तहत मंगलवार को गांव स्थित एकीकृत माध्यमिक विद्यालय में पदस्थ एक शिक्षक ने स्वंय अपने ख़र्च से स्कूल में “तिथि भोजन” का आयोजन किया। सभी छात्र-छात्राओं को विशेष भोजन के तोर पर दाल बाटी, दाल चावल , लड्डू , पापड़, सलाद और अन्य मिष्ठान खिलाये गए।
बेटे - बेटी के डाक्टर बनने की खुशी में किया आयोजन. ग्राम रूपखेड़ा के निवासी दिनेश पटेल जो बामंदी कि एकीकृत माध्यमिक विद्यालय में शिक्षक है, उनके बेटे हरीश पटेल ने एम बी बी एस परीक्षा उत्तीर्ण की है। वही बेटी मधु पटेल ने बी एच एम एस उत्तीर्ण की। इस खुशी के अवसर पर शिक्षक ने स्कूल के सभी बच्चों व शिक्षकों के लिए तिथिभोज कार्यक्रम आयोजित किया। जिसमे जिला शिक्षा अधिकारी के साथ ही शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी, बी. आर. सी. , जनप्रतिनिधियों, हाई स्कूल प्राचार्य के साथ एम डी एम अधिकारी, जनशिक्षको के अलावा बामंदी संकुल कि करीब 28 स्कूलों के शिक्षकों ने भी स्कूली बच्चों के बीच बैठकर “तिथि भोजन” का लुत्फ़ उठाया।
स्कूल में हुए “तिथि भोज” के आयोजन से बच्चों में काफ़ी ख़ुशी थी। बच्चों ने बताया कि स्कूल के मेनू से अलग भोजन मिला जो कि बहुत ही स्वादिष्ट है। इस दौरान छात्रों को विशेष पौष्टिक और स्वस्थ भोजन की विस्तृत जानकारी के साथ ही खाना खाने से पहले हाथों की साफ-सफाई समेत अन्य जरूरी जानकारी भी दी। इस मौके पर विद्यालय के प्रभारी प्रधानपाठक नारायण पटेल ने छात्र,छात्राओं को जानकारी देते हुए बताया कि स्वस्थ और मजबूत शरीर के निर्माण को लेकर हर व्यक्ति को पौष्टिक और ताजा भोजन बेहद जरूरी है, इसलिए सभी लोगों को पौष्टिक भोजन के साथ साफ-सफाई का भी विशेष ख्याल रखना चाहिए। जंक फूड और बासी खाने से दूर रहकर ही स्वस्थ और स्वच्छ समाज का निर्माण संभव है।
एम डी एम प्रभारी मुकेश यादव ने बताया कि स्कूलों में एमडीएम मेन्यू से अलग हटकर “तिथि भोजन” के रूप में शुभ अवसर पर विशेष ताजा और पका हुआ भोजन दिया जाता है। इस योजना का उद्देश्य गांवों की सामूहिक भोजन की परंपरा को पुनर्जीवित करना और इसी बहाने बच्चों में सामूहिकता की भावना को जगाना है। स्कूलों में इस तरह के आयोजनो द्वारा बच्चे स्कूल से अच्छे तरीक़े से जुड़े पायेंगे। इसी योजना के तहत विद्यालय में तिथि भोजन का आयोजन किया।
विद्यार्थियों को बाटे पुरस्कार. कार्यक्रम की शुरुआत में पिछले दिनों स्कूल में हुई वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिताओ में विजेता छात्र छात्राओं को पुरस्कार वितरण किया गया। इसमे विभिन्न प्रकार की खेलकूद प्रतियोगिताओ में प्रथम द्वितीय रहे विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र के साथ अन्य प्रोत्साहन पुरस्कार दिए गए। स्कूल के 100 से अधिक विद्यार्थियों को अतिथियों व शिक्षको द्वारा पुरस्कार प्रदान किए गए।