मंदसौर। नगर पालिका ने बुधवार को शहर के प्रमुख स्थानों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाया। फूड जोन, गोल चौराहा और लॉ कॉलेज रोड पर दुकानदारों द्वारा सड़क तक किए गए अवैध कब्जे को हटाया गया। नगर पालिका के अधिकारी राजेश दावरे ने बताया कि पिछले एक महीने से लगातार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अब प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। दुकानदारों को चेतावनी दी गई है कि यदि वे फिर से अतिक्रमण करते हैं, तो उनका सामान जब्त कर लिया जाएगा। शहर में गुमटी, ठेले और स्थानीय दुकानदारों द्वारा सड़क पर सामान फैलाने से यातायात में बाधा उत्पन्न हो रही है। इससे न केवल वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, बल्कि जाम की स्थिति भी बन रही है।
लोग दूसरे क्षेत्र में अवैध कब्जा कर लेते हैं
नगर पालिका के अधिकारियों का कहना है कि बार-बार समझाने के बावजूद लोग नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं। जैसे ही एक क्षेत्र से अतिक्रमण हटाया जाता है, लोग दूसरे क्षेत्र में अवैध कब्जा कर लेते हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अतिक्रमण के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियम तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।