नीमच। बुधवार को आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। सीटू यूनियन के बैनर तले एकत्रित कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट कार्यालय तक रैली निकाली। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के नाम डिप्टी कलेक्टर संजीव साहू को ज्ञापन सौंपा।
26 हजार वेतन, नियमितीकरण की मांग
कार्यकर्ताओं की प्रमुख मांगों में सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का नियमितीकरण, न्यूनतम वेतन 26 हजार रुपए करना और पोषण आहार वितरण व्यवस्था में सुधार शामिल हैं। कार्यकर्ताओं का कहना है कि वर्तमान में पोषण आहार वितरण के लिए बनाए गए मोबाइल एप्लिकेशन में तकनीकी समस्याएं आ रही हैं। खराब नेटवर्क और अन्य तकनीकी खामियों के कारण काम करने में परेशानी हो रही है।
आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सुषमा गुप्ता ने कहा कि
पहले की तरह मैनुअल तरीके से पोषण वितरण का काम किया जाए। रजिस्टर में एंट्री के पुराने सिस्टम को बहाल किया जाए, क्योंकि डिजिटल व्यवस्था में आ रही तकनीकी दिक्कतों से हमारा दैनिक काम प्रभावित हो रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गई तो वे आने वाले दिनों में अपना आंदोलन और तेज करेंगे।