कुकड़ेश्वर। पीएम श्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित विदाई समारोह एवं करियर गाइडेंस कार्यक्रम में छात्रों को उनके उज्जवल भविष्य के लिए मार्गदर्शन दिया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष उर्मिला महेंद्र पटवा और विशेष अतिथि तहसीलदार नवीन छलोतरे थे।
तहसीलदार नवीन छलोतरे ने कहा, ष्अपना लक्ष्य निर्धारित कर उसी पर चलते रहना ही सफलता का मार्ग प्रशस्त करता है। छात्राओं को अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार विषय का चयन करना चाहिए, ताकि उनकी आगे की राहें आसान हो जाएं।ष् उन्होंने पालकों से आग्रह किया कि वे अपनी पसंद को छात्राओं पर न थोपें और उन्हें स्वतंत्र रूप से अपने भविष्य का निर्णय लेने दें।
नगर पंचायत अध्यक्ष उर्मिला पटवा ने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा, ष्आपका कर्तव्य है कि आप अपने माता-पिता का सिर गर्व से ऊंचा रखें। भटकाव से बचें और समस्याओं का समाधान अपने गुरुजनों या माता-पिता के मार्गदर्शन से करें।ष्
इस मौके पर प्राचार्य ललित मालवीय ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। वरिष्ठ शिक्षक दिनेश राठौर ने शाला की वर्षभर की गतिविधियों पर प्रकाश डाला। संचालन पप्पु जोशी ने किया और आभार प्रदर्शन भवरलाल मालवीय ने किया।
कार्यक्रम में 12वीं कक्षा की छात्राओं को सम्मानित कर विदाई दी गई। उन्हें यादगार स्वरूप उपहार भी भेंट किए गए। 6वीं से 11वीं कक्षा के छात्रों ने भावुक विदाई गीत प्रस्तुत कर माहौल को स्मरणीय बना दिया।
समारोह का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां वीणापाणि की पूजा-अर्चना से हुआ। इस अवसर पर अतिथियों ने छात्राओं को जीवन उपयोगी टिप्स दिए और ऊंची उड़ान भरने के लिए प्रेरित किया।