उज्जैन। महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर विभिन्न कार्यक्रमों के साथ मनाई गई। विक्रम विश्वविद्यालय के पुस्तकालय अध्ययनशाला परिसर में स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर शिक्षकों और विद्यार्थियों ने पुष्पांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में सभी ने गांधीजी के प्रिय भजनों का गायन किया और दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी।
विश्वविद्यालय के सभागृह में साहित्यकार एवं समालोचक प्रो. प्रमोद त्रिवेदी के मुख्य आतिथ्य और कुलगुरु प्रो. अर्पण भारद्वाज की अध्यक्षता में श्महात्मा गांधीरू जीवन और चिंतन के विविध आयामश् विषय पर विशेष परिसंवाद और व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की विशेष आकर्षण कला पथक के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत भजन और मद्य निषेध गीत रहे।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों में कुलसचिव डॉ. अनिल कुमार शर्मा, कुलानुशासक प्रो. शैलेंद्र कुमार शर्मा, विभिन्न विभागों के प्रोफेसर्स और एनसीसी के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
शहर कांग्रेस कमेटी ने क्षीरसागर गांधी बाल उद्यान में स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। ठीक 11 बजे सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गांधीजी के प्रिय भजनों का गायन किया और दो मिनट का मौन रखा। इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, पार्षद, सेवा दल, महिला कांग्रेस, युवक कांग्रेस और एनएसयूआई के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।