ग्वालियर। बापू हम शर्मिंदा है,तेरे कातिल जिंदा है’, इस तरह के नारे के साथ ग्वालियर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि मनाई गई। इस नारे को लेकर बीजेपी और कांग्रेस एक दूसरे के आमने-सामने नजर आई।
दरअसल, ग्वालियर में फूलबाग स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर अलग-अलग राजनीतिक दल और सामाजिक संस्थाएं पहुंची थी। सभी ने बापू की प्रतिमा पर माला चढ़ाकर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान ‘बापू हम शर्मिंदा है तेरे कातिल जिंदा है’ जैसे नारे भी लगाए गए, जिसको लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी तलवार खिंचती हुई नजर आई।
कांग्रेस विधायक सतीश सिकरवार से जब पूछा गया कि आखिर बापू का कौन सा कातिल जिंदा है तो इस पर उन्होंने कहा कि सत्तासीन भाजपा जो महात्मा गांधी के विचारों के विपरीत चल रही है. वह उनके विचारों की हत्या कर रही है. महात्मा गांधी सिर्फ एक नाम नहीं, बल्कि विचार है।
भाजपा की ओर से जिला उपाध्यक्ष विनय जैन का कहना है कि महात्मा गांधी के विचारों और रामराज्य की उनकी संकल्पना को आगे ले जाने का काम सिर्फ बीजेपी कर रही है। कांग्रेस पार्टी ने बापू के विचारों की हत्या की है। कांग्रेस की जैसी सोच है वह उस तरह की ही बयानबाजी करती है।
बापू के कातिल जिंदा हैं, जैसे नारों के पहले कांग्रेस ने अपने कार्यकर्ताओं के साथ बापू की प्रतिमा के नीचे रघुपति राघव राजा राम जैसे भजन गए। साथ ही मौन व्रत रखा. वहीं भाजपा ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस दौरान बापू की प्रतिमा के नीचे समाजवादी पार्टी नेता यानी सपाई और प्रतिमा के पास भाजपाई खड़े नजर आए। इस तरह बापू की पुण्यतिथि पर राजनीतिक दलों ने अपने अपने बापू और अपने अपने विचारों का सियासी राग गाया।