सिंगोली। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धा सुमन अर्पित कर उन्हें याद किया।प्राप्त जानकारी के अनुसार 30 जनवरी गुरुवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 77वी पुण्यतिथि स्थानीय कांग्रेस कार्यालय गांधी भवन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों द्वारा महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर मनाई गई।
इस अवसर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पंकज तिवारी ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के सहारे हमारे देश को एकता की माला में पिरोया और पूरे देश में अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ सत्य और अहिंसा के माध्यम से आजादी का बिगुल बजाया। महात्मा गांधी ने आजादी के आंदोलन को अपने मूर्त रूप में लाने के लिए सत्याग्रह आंदोलन, असहयोग आंदोलन, भारत छोड़ो आंदोलन, पदयात्रा आदि किए तब जाकर हमें 15 अगस्त 1947 को अंग्रेजी हुकूमत से आजादी मिली।
30 जनवरी 1948 को एक सभा में नाथूराम गोडसे नामक व्यक्ति ने हमारे राष्ट्र पिता महात्मा गांधी को गोलियों से छलनी कर दिया और बापू हमेशा हमेशा के लिए हमारी यादों में बनकर रह गए। हमे बापू के सिद्धांतों पर चलकर उन्हें आगे बढ़ाने का संकल्प लेना चाहिए।
इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता पंकज तिवारी के अलावा कांग्रेस मंडलम अध्यक्ष संदीप अग्रवाल, ख्वाजा हुसैन, प्रताप सिंह, नगर कांग्रेस सचिव अतुल मेहर सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।