नीमच। मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग के माननीय सदस्य राजीव कुमार टंडन ने विगत दिवस के विभिन्न समाचार पत्रों में प्रकाशित प्रथम दृष्टया मानव अधिकार उल्लंघन के तीन मामलों में संज्ञान लेकर संबंधितों से जवाब मांगा है।
महिला पर सियार ने किया हमला,
भिण्ड जिले के सुकरमा गांव में रहने वाली एक 50 वर्षीय महिला पर सियार के हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार घर के पास बंधे मवेशियों को चारा देने जाने के दौरान सियार ने महिला पर हमला कर दिया, मां को बचाने आये बेटे पर भी सियार ने हमला कर दिया, जिसमें मां और बेटा दोनों गंभीर रूप से घालय हो गये। मामले में संज्ञान लेकर मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग ने डीएफओ, भिण्ड से घायलों के स्वास्थ्य सुधार एवं शासन के नियमानुसार देय आर्थिक सहायता राशि देने के संबंध में की गई कार्यवाही का प्रतिवेदन एक माह में मांगा है।
बिना मान्यता के चल रहे स्कूल में छात्रा को शिक्षिका ने पीटा
अशोकनगर जिले में बिना मान्यता के चल रहे एक प्राइवेट स्कूल में पदस्थ्य एक शिक्षिका द्वारा 8वीं की छात्रा के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। शिक्षिका द्वारा मारपीट किये जाने से छात्रा बेहोश हो गई एवं उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां छात्रा को 18 घंटे बाद होश आया। मामले में संज्ञान लेकर मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग ने कलेक्टर एवं जिला शिक्षा अधिकारी, अशोकनगर से मामले की जांच कराकर की गई कार्यवाही का प्रतिवेदन एक माह में मांगा है।
9वीं के छात्र के साथ प्राचार्य ने की मारपीट
नीमच जिले के रेवली-देवली स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में विद्यालय के प्राचार्य द्वारा एक 9वीं के छात्र के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार स्कूल भवन पर लगे कांच फोड़ने की बात को लेकर प्राचार्य ने छात्र के साथ जमकर मारपीट की, जबकि छात्र ने बताया कि उसने कांच नहीं फोड़ा। मामले में संज्ञान लेकर मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग ने पुलिस अधीक्षक एवं जिला शिक्षा अधिकारी, नीमच से मामले की जांच कराकर की गई कार्यवाही का प्रतिवेदन तीन सप्ताह में मांगा है।