भोपाल। जयश्री गायत्री फूड प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के ठिकानों पर छापामार कार्रवाई के बाद कंपनी की डायरेक्टर पायल मोदी ने जहर खाकर जान देने की कोशिश की। सुसाइड नोट में उन्होंने केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान का जिक्र किया। वहीं अब इस मामले में उनके पति और कंपनी के मालिक किशन मोदी का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि “मैंने केंद्रीय मंत्री (चिराग पासवान) के वाट्सएप पर शिकायत की थी। कई बार कॉल किए लेकिन रिस्पॉन्स नहीं मिला।”
चिराग पासवान के साले ने 15 दिन पहले ही कहा था छापा पड़ेगा’
किशन मोदी ने बताया कि पत्नी ने जिस चन्द्र प्रकाश पांडे का सुसाइड नोट में जिक्र किया है, वह चिराग पासवान का साला है। वह अपने पावर का इस्तेमाल कर रहा है। मुझे 15 दिन पहले बोल दिया था कि ईडी छापा डालेगी। चूना भट्टी स्थित कुछ फ्लैट मेरे ससुर का था, वहां भी टीम पहुंची थी।”
फर्जी लैब रिपोर्ट की शिकायत करने की कही बात
किशन मोदी ने आरोप लगाया, “पत्नी को परेशान किया गया है। यह सुसाइड नोट उसने ही लिखा है। पुलिस को कार्रवाई करनी चाहिए। मैंने फर्जी लैब रिपोर्ट की डेढ़ साल पहले थाना में शिकायत की थी। सीईओ सुनील त्रिपाठी के खिलाफ एफआईआर भी करवाई। लेकिन कोई एक्शन नहीं लिया गया।”
महिला के बयान का इंतजार कर रही पुलिस
एसीपी अंजली रघुवंशी ने बताया कि महिला की हालत स्थिर है। सुसाइड नोट के संबंध में बयान दर्ज नहीं हुए हैं। इसलिए सुसाइड नोट की पुष्टि नहीं हुई है, पुलिस जांच कर रही है।