चित्तौड़गढ़। लखारा समाज मेवाड़ चौखला रानीखेड़ा विकास सेवा संस्थान के तत्वावधान में दो दिवसीय पाँचवा सामूहिक विवाह सम्मेलन एवं तुलसी विवाह का आयोजन रानीखेड़ा के चेना माता, कुशला माता मंदिर परिसर में 1 व 2 फरवरी को होगा।
समाज के मीडिया प्रभारी सत्यनारायण लखारा ने बताया कि यह सम्मेलन अध्यक्ष चांदमल निंबाहेड़ा, उपाध्यक्ष सुरेश चंद्र बोहेड़ा, सोहनलाल आवरी माता महामंत्री भगवती लाल बानसेन, कोषाध्यक्ष कैलाश चंद्र चिकारडा, भगवती लाल आवरी माता की टीम के सानिध्य में आयोजित किया जा रहा है। सम्मेलन में विधायक श्रीचंद कृपलानी, पूर्व सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना, भूतपूर्व विधायक रणधीर सिंह भींडर, सांसद सीपी जोशी, विधायक चंद्रभान सिंह आक्या अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। इस सम्मेलन में 22 जोड़े परिणय सूत्र में बंधेंगे। रानीखेड़ा में चेनामाता कुशला माता मंदिर में सामूहिक विवाह की पत्रिका का विमोचन कर गांव गांव जाकर वितरण का कार्य किया गया।
सम्मेलन के प्रथम दिवस 1 फरवरी को दोपहर 1 बजे गणपति स्थापना, कलश, राखी डोरडा होगा। इस दौरान भूतपूर्व प्रथम अध्यक्ष स्व. पन्नालाल बोहड़ा, स्व. सोहनलाल सावा, भूतपूर्व कोषाध्यक्ष स्व. हीरालाल उदयपुर, भूतपूर्व अध्यक्ष मोहनलाल चिकारडा को रानीखेड़ा मेवाड़ चौखला बेस्ट कार्यकर्ता अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा। सायं साढ़े 7 बजे महिला संगीत होगा। 2 फरवरी को प्रातः 8 बजे बोली कार्यक्रम व अतिथियों का सम्मान होगा। 9 बजे से तुलसी माता एवं भगवान शालिग्राम की शोभायात्रा के साथ ही वर-वधू की बंदोली, साढ़े 11 बजे तोरण कार्यक्रम होकर दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक पाणिग्रहण विवाह सम्पन्न होगा। इस सम्मेलन में महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान, मध्यप्रदेश आदि राज्यों से हजारों की संख्या में समाजजन भाग लेंगे। सम्पूर्ण कार्यक्रम के दौरान जल, चिकित्सा एवं पुलिस प्रशासन की माकुल व्यवस्था रहेगी।