इंदौर। प.म.ब. गुजराती वाणिज्य महाविद्यालय और श्री गुजराती समाज बीएड महाविद्यालय में दो दिवसीय वार्षिकोत्सव श्धरोहर-2025श् का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन इंदौर मुख्य अतिथि आरटीओ अधिकारी प्रदीप कुमार शर्मा, विशेष अतिथि रमणीक भाई सोनी ने किया। अध्यक्षता श्री गुजराती समाज के अध्यक्ष प्रदीपकुमार शाह ने की। अतिथियों का स्वागत चेयरमैन नितेश तुरखीया, राजेश धर्मशी ने किया। प्राचार्य दिनेश माहेश्वरी और बीएड प्रचार्य किरण दम्मानी ने महाविद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिनमें हनुमान चालीसा से लेकर वंदे मातरम तक शामिल थे। इंटर कॉलेज प्रतियोगिता में 20 कॉलेजों के 40 से अधिक प्रतिभागियों ने राजस्थानी, मराठी, कालबेलिया और वेस्टर्न डांस जैसी विविध शैलियों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विशेष उपलब्धि के रूप में श्री गुजराती समाज के शताब्दी वर्ष में कॉलेज की 25 वर्षों की सेवा के लिए डॉ. कामना शर्मा को 25,000 रुपए, सम्मान-पट्टिका, शाल और श्रीफल से सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि शर्मा ने युवाओं को जीवन में अनुशासन और ट्रैफिक नियमों के पालन का महत्व समझाया। समाज के अध्यक्ष शाह ने गुजराती शिक्षण संस्थाओं की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए यहां अध्ययन को गौरव की बात बताया। कार्यक्रम में श्री गुजराती समाज के कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपाध्यक्ष गोविंद भाई पटेल, मानद महामंत्री पंकज भाई संघवी, दीपक भाई मोदी, दीपक भाई सोनी, अतुल भाई सेठ, अमित भाई दवे, भगवान भाई पटेल, नरेंद्र भाई पटेल, मनोज भाई पारिख उपस्थित रहे। डॉ. निलेश गंगवाल ने कार्यक्रम का संचालन किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम का संचालन डॉ प्रियंका चतुर्वेदी ने किया। आभार प्रो रिंकू गेहानी ने माना।