सीहोर। शासकीय पीएम श्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस के सामने शुक्रवार को कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कॉलेज प्रशासन पर राजनीतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने का आरोप लगाया।
कांग्रेस का आरोप है कि शासकीय चंद्रशेखर आजाद महाविद्यालय के प्राचार्य ने मनमानी करते हुए एक संगठन को शिविर लगाने की अनुमति दे दी है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि इस आयोजन के लिए कक्षाओं को खाली करवाया गया है, जो शैक्षणिक गतिविधियों में बाधा उत्पन्न करेगा। जिला कांग्रेस कमेटी और एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने कॉलेज गेट पर एकत्रित होकर जमकर नारेबाजी की।
प्राचार्य बोले- ये लोगों की गलतफहमी है
इस विवाद पर कॉलेज के प्राचार्य आर.के. शर्मा ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि विरोध कर रहे लोगों को गलतफहमी हो रही है। उन्होंने बताया कि पहले ये अग्रणी कॉलेज था, अब पीएम श्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस के रूप में अपग्रेड हो चुका है। यहां विभिन्न प्रकार के नवाचार और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जो शैक्षणिक गतिविधियों का ही हिस्सा हैं।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष गुजराती ने चेतावनी दी है कि अगर भविष्य में कॉलेज में कोई भी बाहरी राजनीतिक कार्यक्रम या शिविर आयोजित किया गया, तो कांग्रेस इसका कड़ा विरोध करेगी।