देवास। नए कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने शुक्रवार को जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। मरीजों से अवैध वसूली की मिली शिकायतों पर कलेक्टर ने करीब 30 मिनट तक अस्पताल के विभिन्न विभागों का दौरा किया। कलेक्टर ने मेटरनिटी वार्ड में मरीजों से बातचीत की और उनसे अस्पताल की सेवाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने यह भी पता लगाने की कोशिश की कि क्या कोई कर्मचारी मरीजों से अनावश्यक पैसे तो नहीं वसूल रहा है।टीकाकरण केंद्र में भीड़ प्रबंधन की समस्या को देखते हुए कलेक्टर ने टोकन सिस्टम लागू करने का आदेश दिया। आग से सुरक्षा के लिए उन्होंने फायर सिस्टम की जांच की और स्टाफ से आपातकालीन स्थिति में उसके इस्तेमाल की जानकारी ली।निरीक्षण के दौरान सबसे गंभीर मुद्दा प्रसूति मामलों में अधिक रेफरल का सामने आया। कलेक्टर ने इस पर कड़ी नाराजगी जताते हुए ज्यादा रेफरल करने वाले डॉक्टरों का रिकॉर्ड मांगा और इस प्रथा को तुरंत रोकने के निर्देश दिए। साथ कलेक्टर ने वन स्टाफ सेंटर में निरीक्षण किया जहां प्रशासक गीता ठाकुर के नहीं पाए जाने पर महिला बाल विकास अधिकारी रेलम बघेल को फोन पर ही प्रशासन गीता ठाकुर को सस्पेंड करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एक व्यक्ति ने पिछले दिनों डिलीवरी के नाम पर पैसे लिए जाने को लेकर कलेक्टर सिंह शिकायत भी की। जिस पर कलेक्टर सिंह ने एसडीएम को जांच के आदेश दिए।