मंदसौर। सिविल सर्जन डॉ डीके शर्मा द्वारा बताया गया कि, जिला अस्पताल मंदसौर में चिकित्सा क्षेत्र में एक नई उपलब्धि हासिल की गई है। पहली बार यहां जटिल सिडैक्टिली (Syndactyly) सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया। यह सर्जरी 14 वर्षीय किशोर पर की गई, जिसकी उंगलियां आपस में जुड़ी हुई थीं।
मरीज की उंगलियों को अलग करने के बाद उभरे कच्चे घावों (Raw Areas) को ढकने के लिए फोरआर्म (हाथ के अगले हिस्से) से त्वचा लेकर स्किन ग्राफ्टिंग की गई। इस प्रक्रिया से उंगलियों को सही आकार और सुरक्षा मिल सकी, जिससे मरीज को भविष्य में कोई दिक्कत न हो।
इस जटिल ऑपरेशन को डॉ. शुभम जैन और डॉ. सिद्धार्थ शिंदे के नेतृत्व में सफलतापूर्वक पूरा किया गया। चिकित्सकों की टीम ने बारीकी से ऑपरेशन को अंजाम दिया, जिससे मरीज की जुड़ी हुई उंगलियां अलग हो सकीं और उसे सामान्य जीवन जीने में मदद मिलेगी।
जिला अस्पताल प्रशासन के अनुसार, मंदसौर में यह पहली बार इतनी जटिल सर्जरी की गई है, जो स्थानीय चिकित्सा सेवाओं के स्तर में महत्वपूर्ण वृद्धि को दर्शाती है। इस सफलता के बाद अब जटिल सर्जरी के लिए मरीजों को बड़े शहरों में जाने की आवश्यकता नहीं होगी। मरीज की स्थिति अब स्थिर है, और डॉक्टरों के अनुसार, कुछ समय में वह पूरी तरह स्वस्थ होकर सामान्य जीवन जी सकेगा।