नीमच। शहर के समीपस्थ ग्राम कनावटी में भूमि विवाद को लेकर पुलिस और राजस्व विभाग का अमला जब मौके पर पहुंचा तो यहां विवाद की स्थिति खड़ी हो गई। प्रशासन द्वारा दो पक्षों में चल रहे विवाद को लेकर जब जमीन की नपती की गई तो यह बात भी सामने आई कि करोड़ों की शासकीय भूमि पर भी अवैध कब्जा किया गया है।
बताते चलें कि कनावटी में सर्वे क्रमांक 530 की भूमि को लेकर मंजू बंब और मोहिनी धनगर के बीच विवाद की स्थिति बनी हुई है। मामले का निपटारा करने के लिए शुक्रवार को तहसीलदार संजय मालवीय और थाना प्रभारी पुष्पा चौहान के नेतृत्व में राजस्व तथा पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे।
बताते चलें की कनावटी नक्शा विहीन गांव है और यहां आए दिन जमीनों को लेकर विवाद खड़े हो रहे हैं। कनावटी के नक्शा विहीन होने का फायदा भूमाफिया भी उठाते रहे है। जमीन के विवाद को लेकर शलभ बंब और राधेश्याम धनगर द्वारा अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं।