सिंगोली। नगर में चल रहे सी एम राईज स्कूल के निर्माण कार्य में बाधा बन रहे अवैध अतिक्रमण के खिलाफ शनिवार को छात्रों ने मोर्चा खोलते हुए सिंगोली तिलस्वां मुख्य सड़क मार्ग जाम कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर में निर्माणाधीन सी एम राईज स्कूल का निर्माण लगभग अपने अंतिम दौर में है ऐसे में निर्माण ठेकेदार द्वारा स्कूल की बाउंड्रीवाल का निर्माण किया जाना है लेकिन बाउंड्रीवाल निर्माण में अवैध अतिक्रमण के कारण ठेकेदार और अतिक्रमणकर्ता के बीच जमीन को लेकर विवाद हो गया।
बताया जा रहा है कि सी एम राईज स्कूल सिंगोली द्वारा तहसील कार्यालय से उक्त जमीन के संबंध में वर्ष 2022 में हुए सीमांकन के दस्तावेजों की मांग की गई जो कि लंबे समय से तहसील कार्यालय द्वारा दस्तावेज स्कूल को उपलब्ध नहीं करवाए गए तथा इधर अतिक्रमणकर्ता उक्त भूमि पर अपना कब्जा बताकर सी एम राईज स्कूल की दीवार बनाने में रोड़ा अटका रहा है।
उक्त बात को लेकर गुरुवार को तहसील के ग्राम कोजा आए जिला कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के समक्ष जब सी एम राईज स्कूल के विद्यार्थी अपनी शिकायत लेकर पहुंचे तो छात्रों ने बताया कि कलेक्टर साहब ने उनकी बात नहीं सुनी जिससे छात्रों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने शनिवार को करीब साढ़े 11 बजे स्कूल के सामने सिंगोली तिलस्वां मुख्य सड़क मार्ग पर नारे बाजी करते हुए जाम लगा दिया जिससे बड़े बड़े वाहनों सहित दो पहिया वाहनों को भी अपना रास्ता बदलने को मजबूर होना पड़ा।
इधर जाम की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी शिव कुमार यादव ने छात्रों के दल को थाने पर बुलाकर समझाइश दी तथा जाम स्थल पर पहुंचकर छात्रों को बताया कि मैं भी अभी नया आया हूं और तहसीलदार साहब का भी ट्रांसफर हो गया है सोमवार तक नए साहब आ जाएंगे तो उनसे बैठकर चर्चा करेंगे जब तक कोई अधिकारी नहीं आता है तब तक आप लोग शांति बनाए रखें और सड़क से जाम हटा लें।
थाना प्रभारी शिव कुमार यादव की समझाइश पर छात्रों ने भी सोमवार तक का समय देकर कहा कि यदि सोमवार को हमारी समस्या का निराकरण नहीं किया जाता तो मंगलवार को फिर से आंदोलन किया जाएगा हालांकि बाद में छात्रों ने जाम खोलकर आवागमन को सुचारू किया।
इस संबंध में छात्र परिषद के अध्यक्ष शुभम खटीक और उपाध्यक्ष करन खटीक ने बताया कि हम बार बार अधिकारियों के पास जा रहे हैं और स्कूल की जमीन से अतिक्रमण हटाने का निवेदन कर रहे हैं लेकिन अधिकारी भी हमे गुमराह कर रहे हैं और सही से जवाब नहीं दे रहे इसलिए मजबूर होकर हमें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा।
इस दौरान छात्र परिषद अध्यक्ष शुभम खटीक, उपाध्यक्ष करन चंदेल, सचिव अक्षय जैन, अंशुल शर्मा, युवराज सेन एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे। वहीं पुलिस प्रशासन से थाना प्रभारी शिव कुमार यादव, एएसआई के पी सिंह, एएसआई सुरेश कटारिया, प्रधान आर सुनील वर्मा, प्रधान आर मदन शर्मा, महिला आर पूजा शर्मा आदि उपस्थित थे।