भोपाल। केंद्रीय बजट 2025 को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आज संसद में पेश किया। बजट 2025 को लेकर पूर्व सीएम कमलनाथ नाराज नजर आए। उन्होंने बजट पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए इसे निराशाजनक बताया। उन्होंने एक्स पर ट्वीट करते हुए कहा मध्य प्रदेश के लिए बजट में कोई विशेष प्रावधान नहीं किए गए हैं।
कमलनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ट्वीट करते हुए कहा कि केंद्र सरकार का आज पेश किया गया बजट निराशाजनक है। मध्य प्रदेश के लिए बजट में कोई विशेष प्रावधान नहीं किए गए हैं। मध्य प्रदेश की अर्थव्यवस्था पहले से ही लचर है और प्रदेश लगातार कर्ज के दलदल में डूबता जा रहा है।
मध्य प्रदेश के किसानों को गेहूं और धान का बड़ा हुआ एमएसपी देने, किसानों की आमदनी दुगनी करने, लाडली बहनों को ₹3000 महीने देने जैसे वादों को पूरा करने के लिए केंद्र सरकार ने राज्य को कोई मदद नहीं दी है। प्रदेश के नौजवानों के रोजगार, बुनियादी ढांचा विकास, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में भी मध्य प्रदेश खाली हाथ ही रहा है। अनुसूचित जाति अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए भी बजट में कुछ नहीं है। मध्यम वर्ग को आयकर में जो छूट दी गई है, वह ऊंट के मुंह में जीरा से अधिक कुछ नहीं है।