नीमच। माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) की हाई स्कूल और हायर सेकंडरी बोर्ड परीक्षा के लिए जिला स्तर पर केंद्रों का निर्धारण कर लिया गया है। जिले के 140 परीक्षा केंद्रों पर बोर्ड के पेपर होंगे। विभाग ने इन केंद्रों पर परीक्षार्थियों की संख्या के लिहाज से बैठक व्यवस्था करने के निर्देश जारी किए हैं। जिन स्कूलों में पर्याप्त फर्नीचर नहीं है, वहां नजदीक के स्कूलों से इंतजाम किया जाएगा।
बोर्ड परीक्षाओं का दौर 25 फरवरी से शुरू होने जा रहा है। दसवीं और बारहवीं की परीक्षा में करीब 90 हजार विद्यार्थी शामिल होंगे। नकल पर लगाम कसने के लिए इस बार ज्यादातर सरकारी स्कूलों को ही केंद्र बनाया गया है। सबसे कम विद्यार्थी गवर्नमेंट हा.से. स्कूल हरसोला पर परीक्षा देंगे।
दसवीं के 127 और बारहवीं के 51 स्टूडेंट के लिए यह केंद्र रहेगा, जबकि सबसे अधिक विद्यार्थी एमएबीएफएम एकेडमी इंदौर (1573), गवर्नमेंट हा.से. स्कूल महू (1480) और माउंट कारमेल हा.से. स्कूल (1424) में है। जिला शिक्षा अधिकारी सुषमा वैश्य का कहना है, बोर्ड परीक्षा को लेकर तैयारियां अंतिम दौर में हैं। गड़बड़ी रोकने के लिए मंडल के समस्त निर्देशों का सख्ती से पालन किया जा रहा है। सभी पेपर होने से पहले मूल्यांकन का काम भी शुरू कर दिया जाएगा।
सरकारी स्कूलों में 9वीं-11वीं की परीक्षाएं आज से शुरू होंगी
बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी के बीच सरकारी स्कूलों में सोमवार से नौवीं और ग्यारहवीं की परीक्षाएं शुरू हो जाएंगी। इन परीक्षाओं के बीच ही शिक्षकों को प्री बोर्ड के प्रदर्शन के आधार पर बोर्ड परीक्षा देने वाले स्टूडेंट्स की तैयारी भी कराना है। दो शिफ्ट में परीक्षाएं होने के कारण बोर्ड की तैयारी प्रभावित होगी।