नीमच। केंद्रीय प्रशिक्षण केंद्र सीआरपीएफ में आज 40 उप निरीक्षकों-कैडेट्स का दीक्षांत परेड समारोह उत्साह पूर्वक संपन्न हुआ। दीक्षांत परेड समारोह में मुख्य अतिथि महानिरीक्षक संदीप दत्ता ने परेड की सलामी ली। इस परेड के परेड कमांडर उप निरीक्षक नितेश कुमार धनगर और प्रिंस सिंह चौहान रहे।
बताते चलें कि 96 डी बेच के उप निरीक्षकों का बुनियादी प्रशिक्षण 11 मार्च 2024 से आरंभ हुआ था। 48 सप्ताह के प्रशिक्षण अवधि के दौरान इन्हें सीआरपीएफ के अनुशासन के साथ-साथ शारीरिक, हथियार, युद्ध कौशल, भूमि कला, कानून, प्रबंधन, युद्ध अवरोध, निहत्थी लड़ाई, हथियार व खाली हाथ की कवायद, विभिन्न हथियारों गोला बारूद और ग्लोबल पोजिशनिंग सिस्टम का प्रशिक्षण दिया गया। इन्हें तीन सप्ताह के अति सतर्क और कठिन जंगल प्रशिक्षण के साथ एक सप्ताह के जंगल सर्वाइकल प्रशिक्षण तथा प्राकृतिक संसाधनों पर रहने का अभ्यास देकर राष्ट्रीय विरोधी ताकत से लोहा लेने के लिए तैयार किया गया है।
साथ ही प्रशिक्षुओं को भीड़ व दंगा नियंत्रण प्रणाली, जनता के साथ मधुर संबंध, मानवाधिकार, आपदा प्रबंधन आदि का प्रशिक्षण भी दिया गया है। क्विज़ व निबंध लेखन प्रतियोगिता के द्वारा व्यक्तित्व के चहुमुखी विकास को लेकर भी ट्रेनिंग दी गई। उत्कृष्ट प्रशिक्षुओं को मुख्य अतिथि द्वारा आज ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। परेड में इन जोशीले उप निरीक्षकों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम और रण कौशल का प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रशिक्षुओं के परिवारजन और अभिभावक उपस्थित हुए।
दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि संदीप दत्ता ने अपने संबोधन में कहा कि इनका प्रशिक्षण अब समाप्त हो गया है, लेकिन वास्तविक परीक्षा अब शुरू होगी। दत्ता ने नवनियुक्त उप निरीक्षकों से देश की सुरक्षा और अखंडता के लिए हमेशा तत्पर रहने का आह्वान किया। इस अवसर पर उप कमांडेंट आशीष भटनागर, सुरेश, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के अधिकारी गण, स्थानीय प्रशासनिक व पुलिस सेवा के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, जवान आदि मौजूद रहे।