सिवनी। जिले में साइबर अपराधों से आमजन को सुरक्षित रखने के लिए पुलिस ने विशेष जागरूकता अभियान शुरू किया है। पुलिस अधीक्षक सुनील मेहता के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे इस श्सेफ क्लिक अभियानश् के तहत लखनादौन एसडीओपी अपूर्व भलावी ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की आदेगांव शाखा में लोगों को साइबर सुरक्षा के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी।
यह अभियान 11 फरवरी तक चलेगा, जिसमें स्कूल-कॉलेज के छात्र-छात्राओं से लेकर शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के सभी नागरिकों को साइबर अपराधों से बचने के तरीके बताए जा रहे हैं। जिले के साइबर सेल प्रभारी देवेंद्र जायसवाल की देखरेख में सभी थाना क्षेत्रों में विशेष कार्ययोजना के तहत यह अभियान संचालित किया जा रहा है।
पुलिस ने लोगों को साइबर सुरक्षा के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए, जिनमें डेटा का नियमित बैकअप लेना, फिशिंग घोटालों से सावधान रहना, सार्वजनिक वाई-फाई का उपयोग न करना और मजबूत पासवर्ड का इस्तेमाल करना शामिल है। साथ ही एंटी वायरस सॉफ्टवेयर का नियमित उपयोग, ऑनलाइन गेमिंग में सावधानी और व्यक्तिगत जानकारी शेयर करने में सतर्कता बरतने की सलाह दी गई।