इंदौर। फरवरी और मार्च माह में गिद्धों की गणना की जाएगी। फरवरी में लगातार 3 दिन और मार्च माह में 1 दिन गणना की जाएगी। इंदौर सहित प्रदेश के सारे वन मण्डलों में गिद्धों की गिनती तय तारीखों और तय समय पर एक साथ की जाएगी। बताया जा रहा है कि 17 से 19 फरवरी के बीच में यह गणना होगी, इसके बाद मार्च में एक दिन गणना की जाएगी। वहीं 29 अप्रैल को आंकड़ों को सार्वजनिक किया जाएगा। गणना के पहले वन विभाग के कर्मचारियों-अधिकारियों सहित बर्ड लवर्स और एनजीओ को गिद्धों की गिनती करने की ट्रेनिंग दी जा रही है।
इंदौर वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार गिद्धों की गिनती सुबह छह से आठ बजे के बीच की जाएगी। इस दौरान खाली जगहों और पेड़ों पर बैठे गिद्धों को गिना जाएगा, साथ ही उनकी फोटोग्राफी होगी। इंदौर वनमंडल में गिद्धों की गिनती के लिए 25 से अधिक स्थानों को चिह्नित किया गया है। इनमें पेडमी, कजलीगढ़, पातालपानी, देवगुराड़िया, आशापुरा, रतवी, गिद्ध खोह, तिंछाफाल, बडिया जैसे क्षेत्र शामिल हैं। इस काम के लिए वनरक्षक, वनपाल, डिप्टी रेंजर और रेंजर की टीम बनाई गई है। इंदौर वनमंडल के 40 से ज्यादा वनकर्मियों को इसकी जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।