भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अगले दो दिनों तक हरदा और श्योपुर का दौरा कर सकते हैं। सीएम 14 करोड़ की लागत से बने वेदगर्भा घाट का लोकार्पण करेंगे। वहीं 5 फरवरी को कूनो नेशनल पार्क में चीते छोड़ने जा सकते हैं। हालांकि, मुख्यमंत्री का कार्यक्रम अब तक तय नहीं हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार, सीएम डॉ. मोहन यादव कल 4 फरवरी को हरदा का दौरा करेंगे। जहां वह चिचोट कुटी में बने 700 मीटर लंबे वेदगर्भा घाट का लोकार्पण करेंगे। इसी के साथ नर्मदा पूजन भी करेंगे।
वहीं 5 फरवरी को चीतों को खुले जंगल में छोड़ने के लिए सीएम कूनो नेशनल पार्क जा सकते हैं। बता दें कि पार्क में 12 वयस्क और 12 शावक हैं। 10 चीते बड़े बाड़ों में बंद हैं। वहीं दो चीते अग्नि और वायु खुले में घूम रहे हैं। वायु चीता कूनो नेशनल पार्क की सीमा में है। अग्नि चीता लगभग दस दिनों से पार्क की सीमा से बाहर श्योपुर शहर से सटे श्यामपुर के जंगल में डेरा डाले हुए है।