शाजापुर। कोतवाली पुलिस ने हत्या का प्रयास करने वाले आरोपी ईश्वर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। 27 जनवरी 2025 को जब फरियादी रमेशचंद्र जायसवाल ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपी ने उनकी दुकान पर आकर उधार सामान मांगने की बात को लेकर झगडा किया और गाली गलोच की। इसके बाद आरोपी ने फरियादी के बेटे ओम प्रकाश और भतीजे विष्णु को जान से मारने की नियत से पत्थर से मारा, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 62/2025 धारा 296, 109 के तहत मामला दर्ज किया था। आरोपी घटना के दिन से फरार था, लेकिन पुलिस ने उसकी पतारसी के लिए एक टीम गठित की और मुखविर सूचना के आधार पर उसे बेरछा रोड से गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी ईश्वर पिता बसंत सिंह गुर्जर उम्र 28 साल निवासी पिपलिया इंदौर को माननीय न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उसे जिला जेल में दाखिल कराया गया है। इस मामले में पुलिस की सराहनीय कार्यशैली के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा उचित पारितोषिक प्रदाय करने की घोषणा की गई है।