उज्जैन। कलेक्टर नीरज कुमार सिंह ने मंगलवार दोपहर कलेक्टर कार्यालय सभागृह में समयावधि पत्रों की समीक्षा की। बैठक में कलेक्टर सिंह ने स्वास्थ्य दृष्टिगत प्लास्टिक उपयोग एवं पानी की बॉटल का उपयोग कम से कम करने को निर्देशित किया। सिंह ने मेला प्राधिकरण सचिव को निर्देशित किया कि सिंहस्थ 2028 के प्रत्येक कार्यों की कार्यवाही मेला प्राधिकरण में अनिवार्य रूप से संधारित करे। विभागवार भी सभी कार्य कलेक्टर कार्यालय एवं मेला प्राधिकरण संधारित करें। सिंहस्थ 2028 के आईटी कार्यों के लिए आईटी सेटअप तैयार करने आईटी टीम का गठन कर उन्हें ट्रेनिंग प्रदाय करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए। सिंहस्थ 2028 के आपदा प्रबंधन के लिए होमगार्ड की ट्रेनिंग का शेड्यूल बना कर प्रेषित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में कलेक्टर सिंह ने उज्जयिनी विक्रम व्यापार मेले की तैयारियों की समीक्षा भी की । विक्रम व्यापार मेले में प्रस्तावित 411 दुकानों के भूखंडों में प्रथम चरण में 91 दुकानों के लिए भूखंड आवंटित किए जा चुके है। प्रथम चरण में आवंटन से निकाय को राशि 2,33,50,634 रुपए प्राप्त हुई है एवं द्वितीय चरण में 1,16,07,870 राशि प्राप्त हुई है कुल राशि 3,49,58,504 रुपए अभी तक निकाय को प्राप्त हुई हे ।कलेक्टर सिंह ने बैठक में नगर निगम अंतर्गत सप्त सागर के प्रगतिरत कार्यों की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर सिंह ने एडीएम अनुकूल जैन को मंदसौर जिले का जिला पंचायत सीईओ का नया दायित्व मिलने पर उनके द्वारा जिले में एडीएम रहते हुए किए गए मार्ग चौड़ीकरण,अतिक्रमण हटाने एवं अन्य सभी इवेंट्स को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने की प्रशंसा की और भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी। नवनियुक्त एडीएम प्रथम कौशिक को कार्यभार ग्रहण करने पर शुभकामनाएं दी।
कलेक्टर सिंह ने लोकार्पण के लिए स्मार्ट सिटी को रुद्र सागर, क्लब हाउस,पर्यटन विभाग को महाराजवाड़ा हेरिटेज होटल, एनवीडीए एवं अन्य विभागों को उनके सभी पूर्ण हो चुके कार्यों की सूची बनाकर तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। बैठक में कार्यों की गुणवत्ता परीक्षण कर कार्य पूर्णता का प्रमाण पत्र देने को कलेक्टर सिंह ने निर्देशित किया।बैठक में सिंहस्थ 2028 के निर्माणरत एवं प्रस्तावित कार्यों पर चर्चा कर समीक्षा की गई। बैठक में जिला पंचायत सीईओ जयति सिंह,अपर कलेक्टर महेंद्र सिंह कवचे, एडीएम अनुकूल जैन एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।