रामपुरा। नीमच टंट्या मामा भील समाज जन सेवा संस्थान द्वारा अरवाली सम्राट महाराज रामा भील का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। समाजजन बड़ी संख्या में एकत्रित हुए और उत्साहपूर्वक इस शुभ अवसर को मनाया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित मनासा विधायक अनिरुद्ध माधव मारू ने महाराज रामा भील के चित्र पर माल्यार्पण कर समाजजन का अभिवादन किया। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि भील समाज सनातन धर्म का अभिन्न हिस्सा रहा है और महाराणा प्रताप की सेना में भी भील समाज की महत्वपूर्ण भूमिका थी। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने भील समाज को केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया, जबकि भारतीय जनता पार्टी ने सामाजिक समरसता को आगे बढ़ाया है।
विधायक मारू ने समाज के विकास पर जोर देते हुए कहा, टंट्या मामा ने समाज के लिए बड़ा कार्य किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हर वर्ग की चिंता की है और सबको साथ लेकर चलने का काम किया है। रामपुरा, जो महाराज रामा भील की नगरी है, हमेशा बनी रहेगी। इस ऐतिहासिक स्थल पर एक भव्य स्मारक बनेगा, जहाँ समाजजन हर वर्ष जन्मोत्सव मना सकें। मैं वादा करता हूँ कि समाज की भावनाओं का सम्मान करते हुए इस स्मारक को भव्य रूप दिया जाएगा।ष्
उन्होंने शिक्षा पर बल देते हुए कहा कि समाज के बच्चों में अपार प्रतिभा है, उन्हें शिक्षित करना हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए। युवाओं को सही दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हुए उन्होंने कहा कि पैसे का दुरुपयोग न करें और समाज की उन्नति में योगदान दें। विधायक ने कहा कि कई समाजजन प्रशासनिक पदों पर कार्यरत हैं, जिससे समाज का गौरव बढ़ रहा है।
विधायक मारू ने अंत में सभी को महाराज रामा भील जन्मोत्सव की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि सनातन धर्म के मार्ग पर चलते हुए हमें अपने बच्चों को शिक्षित करना है और इस देश को मजबूत बनाने के लिए सभी को शिक्षा की ओर अग्रसर करना होगा।