भोपाल। ढाई सौ एकड़ में होने वाले ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट को आकर्षक बनाने के लिए सरकार तीन बड़े एक्सपो भी आयोजित करने जा रही है। ये तीनों एक्सपो नागरिकों की जरूरतों को ध्यान में रखकर किए जा रहे हैं।
साथ ही भोपाल और आस-पास के इलाकों में बढ़ने वाली इंडस्ट्रीज को भी ध्यान में रखा गया है। इनमें सबसे आकर्षक मोबिलिटी एक्सपो होगा, जिसमें शामिल होने वाली सुपर कार और सुपरबाइक्स युवाओं को आकर्षित करेंगी।
इसके साथ ही बिजनेस सेक्टर और मध्यमवर्ग की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए टेक्सटाइल और गारमेंट एक्सपो भी लगाया जाएगा। सरकार ने प्रदेश के हर जिले में खास पहचान रखने वाले वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (एक जिला एक उत्पाद) को भी एक्सपो का हिस्सा बनाने का फैसला लिया है।
एमपी मोबिलिटी एक्सपो 2025
ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के दौरान एमपी मोबिलिटी एक्सपो के जरिए प्रदेश की ऑटोमोटिव सेक्टर में हुई प्रगति को प्रदर्शित किया जाएगा। इसके जरिए मध्य प्रदेश को इलेक्ट्रिक मोबिलिटी और भविष्य के परिवहन के लिए एक अग्रणी केंद्र के रूप में स्थापित किया जाएगा।
प्रदेश ऑटोमोटिव और इलेक्ट्रिक वाहन के क्षेत्र में देश में एक महत्वपूर्ण केंद्र बन रहा है। यहां 30 से अधिक मूल उपकरण निर्माताओं के साथ अगली पीढ़ी की मोबिलिटी को ध्यान में रखकर काम हो रहा है।
कई कंपनियां अपनी ईवी सुविधाओं की स्थापना में तेजी ला रही हैं। इलेक्ट्रिक वाहनों की ओर यह बदलाव मध्य प्रदेश की पर्यावरण अनुकूल परिवहन नीति को बढ़ावा देने और कार्बन उत्सर्जन को कम करने की रणनीति का हिस्सा है। 200 से अधिक ऑटो कंपोनेंट निर्माताओं के साथ राज्य ऑटोमोटिव उद्योग की बढ़ती मांगों को पूरा करने के लिए तैयार है।
भारत के डेट्राइट के नाम से प्रसिद्ध प्रदेश का प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र पीथमपुर कई मूल उपकरण निर्माताओं और एशिया के सबसे बड़े नेशनल ऑटोमोटिव टेस्ट ट्रैक्स का घर है। यह ट्रैक्स ऑटोमोटिव और ऑटो कंपोनेंट उद्योगों के लिए परीक्षण और मूल्यांकन, अनुसंधान एवं विकास और प्रमाणन की मॉडर्न सुविधाएं प्रदान करता है।
एमपी मोबिलिटी एक्सपो की विशेषताएं
वाहन निर्माताओं, प्रौद्योगिकी इनोवेशन, निवेशकों और नीति निर्माताओं सहित प्रमुख हितधारकों को एक साथ लाएगा।
ऑटोमोबाइल क्षेत्र के लिए सरकार सब्सिडी का लाभ देकर भी इसे प्रमोट कर रही है।
सुपर कार और सुपरबाइक प्रदर्शनीरू हाई परफॉर्मेंस वाली सुपर कारों और सुपरबाइक्स की प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जो ऑटोमोबाइल उत्साही लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र होगी।
बी2बी नेटवर्किंग और निवेश के अवसररू व्यवसायियों को मध्य प्रदेश के तेजी से बढ़ते ऑटोमोटिव क्षेत्र में सहयोग और निवेश के अवसर प्रदान करेगा।