कुकड़ेश्वर। महाशिवरात्रि मेले के शुभारंभ अवसर पर विधायक माधव मारू ने नगरवासियों को संबोधित करते हुए कुकड़ेश्वर के चौमुखी विकास का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा, "मनासा विधानसभा विकास की दौड़ में आगे बढ़ रही है, वैसे ही कुकड़ेश्वर भी विकास की राह पर तेजी से दौड़ेगा।
कुकड़ेश्वर के लिए विकास की सौगात-
विधायक मारू ने कुकड़ेश्वर के लिए कई विकास योजनाओं की घोषणा की, जिनमें रिंग रोड और 4 लेन सड़क का निर्माण प्रमुख है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र का समग्र विकास तभी संभव है जब चारों ओर विकास हो, इसलिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा और विकास में अवरोध बनने से बचना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने घोषणा की कि कुकड़ेश्वर में जल्द ही कॉलेज का निर्माण होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कॉलेज के लिए स्थान तय कर लिया गया है, लेकिन अभी इसका खुलासा नहीं करेंगे ताकि किसी प्रकार का विवाद न हो। नगर में स्टेडियम के निर्माण की भी घोषणा की गई, जिसे नगर पंचायत द्वारा बनाया जाएगा। इससे युवाओं को खेलकूद की बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और नगर के खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा बदलाव-
विधायक ने बताया कि CM राइज स्कूल में कुकड़ेश्वर के बच्चे बसों से स्कूल जाएंगे, जिससे उन्हें उच्च गुणवत्ता की शिक्षा का लाभ मिलेगा। उन्होंने गलतफहमी फैलाने वालों को इशारों में संदेश देते हुए कहा कि विकास की राह में रुकावट डालने से क्षेत्र आगे नहीं बढ़ेगा।
तीनों नगर पंचायतों का होगा तेजी से विकास
विधायक ने कहा कि मनासा तहसील की तीनों नगर पंचायतों का तेजी से विकास किया जाएगा, ताकि यहां के लोगों को रोजगार और सुविधाओं के लिए बाहर न जाना पड़े। यह उनका संकल्प है कि क्षेत्र में हर आवश्यक सुविधा नागरिकों को यहीं मिले।
कुकड़ेश्वर – सुंदरलाल पटवा जी की धरती
विधायक माधव मारू ने कुकड़ेश्वर की गौरवशाली विरासत को याद करते हुए कहा कि "यह धरती सुंदरलाल पटवा जी की है, जिन्होंने संघर्ष कर अनेक उच्च पदों तक पहुंचकर क्षेत्र का नाम रोशन किया। हमें भी उनके विचारों को अपनाते हुए कुकड़ेश्वर के विकास को नई ऊंचाइयों तक ले जाना है।"
कार्यक्रम में गणमान्य जनों की उपस्थिति
इस शुभ अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष वंदना खंडेलवाल, हेमलता धाकड़, मंडल अध्यक्ष मदन रावत, SDM पवन बारिया, कुकड़ेश्वर तहसीलदार नवीन चलोत्रे, नरेंद्र मालवीय, नगर पालिका अध्यक्ष उर्मिला पटवा, सोनाली पटवा, महेंद्र पटवा, कमल सिंह परमार, CMO, मेला अध्यक्ष राजू खाती सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
विकास की नई दिशा
विधायक माधव मारू ने नागरिकों से अपील की कि वे सकारात्मक सोच के साथ विकास में सहयोग करें ताकि कुकड़ेश्वर भी तेजी से प्रगति कर सके और अपनी ऐतिहासिक विरासत को आगे बढ़ा सके।