नीमच। शहर के हिंगोरिया निवासी विनोद पिता नंदलाल कैथवास की सड़क दुर्घटना के कारण दर्दनाक मौत हो गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 47 वर्षीय विनोद विद्युत विभाग में लाइनमैन के पद पर कार्यरत थे। वे 26 फरवरी को चीताखेड़ा से नीमच की तरफ आ रहे थे। तभी दिन के 2 बजे अरनिया चंदेल पीडीएस स्कूल के पास सामने से आ रही पिकअप ने मोटरसाइकिल पर सवार विनोद को टक्कर मार दी। जिसमें विनोद गंभीर रूप से घायल हो गया। चीताखेड़ा के पूर्व सरपंच राजेश जैन की सूचना के आधार पर निजी वाहन से नीमच के जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद यहां से नीमच के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां से डॉक्टर के द्वारा रेफर किये जाने पर परिजन जब इलाज के लिए कल इंदौर ले जा रहे थे, तभी नागदा उन्हेल के बीच में विनोद की मौत हो गई। आज सुबह नीमच के जिला चिकित्सालय में विनोद के शव का पोस्टमार्टम किया गया।
