नीमच। शहर के कैंट थाना क्षेत्र के अफीम तौल केंद्र पर तैनात केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो के उप निरीक्षक अजय कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में शनिवार को मौत हो गई। वे तौल केंद्र के पास मेडिकल कॉलेज के सामने होटल आम्रपाली में ठहरे हुए थे। सुबह जब वे नहीं उठे तो नारकोटिक्स विभाग के अन्य अधिकारियों ने दरवाजा तोड़ा। कमरे में देखा तो अजय कुमार मृत अवस्था में थे। सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची। सुबह करीब 10 बजे शव को जिला अस्पताल ले जाया गया।
कमरे में मिले उल्टी के निशान-
होटल के कमरे की जांच में उल्टी के निशान मिले हैं। इससे उप निरीक्षक के किसी जहरीले पदार्थ के सेवन करने की आशंका है। नारकोटिक्स विभाग के अधिकारी और पुलिस टीम घटनास्थल पर मौजूद हैं। शव का पोस्टमॉर्टम कराने की तैयारी की जा रही है। मृतक के परिजन गहरे सदमे में हैं।
पुलिस कर रही मामले की जांच-
कैंट थाना प्रभारी पुष्पा चौहान ने बताया कि शहर के अम्रपाली होटल में सीपीएस पद्धति के तहत अफीम के डोडो का तौल चल रहा है। तौल केंद्र पर नारकोटिक्स सब इंस्पेक्टर अजय कुमार शुक्ला रुके हुए थे। जो रात को खाना खाने के बाद सोए थे। सुबह तक उठे नहीं। कमरे में उनका शव मिला, पीएम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया है। आगे जो भी पाया जाएगा उचित कार्रवाई की जाएगी।