नीमच। इनरव्हील क्लब नीमच की नई कार्यकारिणी ने वर्ष 2025 26 के लिए आज रोटरी हॉल में एक भव्य समारोह में वर्ष 2025-26 के लिए शपथ ग्रहण की। इस "इंस्टॉलेशन सेरेमनी" ने क्लब में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया। समारोह में निवर्तमान अध्यक्ष तृप्ति दुआ ने ने अपनी कॉलर नव नियुक्त अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा को पहनाकर उन्हें जिम्मेदारी सौंपी, जबकि पूर्व सचिव कीर्ति ढींगरा ने नवनियुक्त सचिव प्रेरणा शर्मा को पिन लगाकर कार्यभार हस्तांतरित किया।
शपथ ग्रहण समारोह में कई गणमान्य हस्तियां मौजूद थीं। सीआरपीएफ से समाजसेविका रजनी दत्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।उनके साथ मंच पर पीडीसी संगीता जोशी, निवर्तमान अध्यक्ष तृप्ति दुआ, सचिव कीर्ति ढींगरा, और नवनियुक्त अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा तथा सचिव प्रेरणा शर्मा भी मंचासीन रहे।निवर्तमान अध्यक्ष तृप्ति दुआ ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियों का विस्तार से वर्णन किया और क्लब के सदस्यों के सहयोग के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया। इसके बाद, सचिव कीर्ति ढींगरा ने अपने कार्यकाल का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, जिसमें क्लब की गतिविधियों और सफलताओं का ब्यौरा दिया गया।नव नियुक्त अध्यक्ष अमरजीत कौर छाबड़ा ने अपने संबोधन में महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों के कल्याण के लिए विभिन्न सेवा प्रकल्पों के माध्यम से गतिविधियां संचालित करने का दृढ़ संकल्प जताया।
इस अवसर पर क्लब की सदस्य और समाजसेविका रजिया अहमद ने एक जरूरतमंद महिला को सिलाई मशीन प्रदान कर मानवीय सेवा का एक उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।शपथ विधि समारोह के उपरांत, क्लब के सदस्यों के लिए तीज उत्सव का शानदार आयोजन किया गया। इस उत्सव में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अनेक प्रकार के गेम, गीत-संगीत के कार्यक्रमों का लुत्फ उठाया।कार्यक्रम का सफल संचालन माधुरी चौरसिया ने किया।