शामगढ़। शामगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार किए गए हैं, जिनके कब्जे से करीब 10 लाख रुपए मूल्य की 15 मोटरसाइकिलें जब्त की गई हैं। इनमें से 13 बाइक हीरो कंपनी की हैं, जिससे इसकी सुरक्षा प्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
राजस्थान से आरोपी, वारदातें दो राज्यों में-
गिरफ्तार आरोपी एलकार सिंह, राहुल सिंह (पिता गुमान सिंह) और राहुल सिंह (पिता तूफान सिंह) सभी झालावाड़ (राजस्थान) के निवासी हैं और 18-22 वर्ष के बीच की उम्र के हैं। आरोपियों ने मध्यप्रदेश व राजस्थान के शामगढ़, गरोठ, भैंसोदा, भानपुरा, सुवासरा, चोमेला, खानपुरा, डग, आलोट व भवानी मंडी से बाइक चोरी की बात कबूली है।
थाना प्रभारी के नेतृत्व में कार्रवाई-
इस कार्रवाई का नेतृत्व थाना प्रभारी धर्मेंद्र शिवहरे ने किया। टीम में एसआई अविनाश कुमार सोनी, एएसआई राजेश खांदेल, प्रधान आरक्षक धनपाल जाट, ममशादनूर, आरक्षक इरफान, विशाल सिंह, मनीष, मोकम सिंह व सुल्तान शामिल रहे।
हीरो बाइकों पर तकनीकी जांच-
जब्त बाइकों में हीरो की HF डीलक्स प्रमुखता से शामिल है। इससे इनकी लॉकिंग प्रणाली की कमजोरी या चोरों की विशेष तकनीक का शक गहराया है। पुलिस अब इस दिशा में तकनीकी जांच कराने की तैयारी में है। गिरोह की गिरफ्तारी से क्षेत्र में हाल की बाइक चोरी की घटनाओं से पीड़ित लोगों को बड़ी राहत मिली है।