सरवानियां महाराज। नीमच-सिंगोली रोड पर ग्राम नेवड़ के पास एक बड़ा हादसा टल गया जब राजस्थान रोडवेज की कोटा डिपो की बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे 11 केवी बिजली लाइन के पोल से टकरा गई। यह घटना शाम करीब 5 बजे उस समय हुई जब बस नीमच से कोटा जा रही थी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस बांसवाड़ा से कोटा जा रही थी, तभी नेवड़ के समीप चालक का नियंत्रण खो गया और बस सीधी बिजली पोल से टकरा गई। दुर्घटना के वक्त लाइन में विद्युत प्रवाह चालू था, जिससे एक बड़ा हादसा हो सकता था।
गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। तत्पश्चात 11 केवी लाइन को बंद करवाया गया और बस को जेसीबी की मदद से हटाया गया। प्रशासन और बिजली विभाग की त्वरित कार्रवाई से एक संभावित बड़ी दुर्घटना टल गई।