नीमच। इंदौर के नेहरू स्टेडियम में 22 से 24 अगस्त 2025 तक मध्यप्रदेश जूडो एसोसिएशन (संबद्ध जूडो फेडरेशन ऑफ इंडिया एवं म.प्र. ओलंपिक एसोसिएशन) द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय सब-जूनियर एवं कैडेट जूडो प्रतियोगिता में नीमच के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
म.प्र. जूडो एसोसिएशन के सह-सचिव एवं नीमच जिला जूडो एसोसिएशन के सचिव भरत सिंह कुमावत ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रदेश की मान्यता प्राप्त सभी चयनित जिला टीमों के लगभग 300 खिलाड़ी शामिल हुए। नीमच जिला टीम के 6 चयनित खिलाड़ियों ने मुख्य प्रशिक्षक भरत सिंह कुमावत और सहायक प्रशिक्षिका ईशा रावल के मार्गदर्शन में भाग लिया।
नीमच के फरहान खान ने 55 किलो वर्ग में शानदार फाइट कर कांस्य पदक अपने नाम किया। इसके अलावा 40 किलो वर्ग में जय कुमावत, 50 किलो वर्ग में राकेश नागदा, 60 किलो वर्ग में गौरव लोहार, 81 किलो वर्ग में मंथन डाबले और 52 किलो वर्ग में रिया पाटीदार (मनासा) ने क्वार्टर फाइनल तक बेहतरीन प्रदर्शन किया, हालांकि वे पदक जीतने से चूक गए।
प्रतियोगिता में पदक विजेताओं को विधायक एवं म.प्र. ओलंपिक संघ के अध्यक्ष रमेश मेंदोला, म.प्र. जूडो एसोसिएशन के अध्यक्ष जगजीत सिंह संधू, सचिव नरेश टटवाडे, उपाध्यक्ष एवं टेक्निकल चेयरमैन कुरूष दीनशा, अशोक नामदेव, कोषाध्यक्ष आबिद खान तथा सह-सचिव भरत सिंह कुमावत द्वारा पदक पहनाकर सम्मानित किया गया।